Home » हरियाणा » (5 मार्च) पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चौधरी दलबीर सिंह जी की जयंती पर विशेष –

 (5 मार्च) पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चौधरी दलबीर सिंह जी की जयंती पर विशेष –

Facebook
Twitter
WhatsApp
66 Views

– स्व. चौधरी दलबीर सिंह जी ने शोषित, पीड़ित व वंचित वर्ग को राह दिखाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा
– बेदाग व स्वच्छ राजनीति की मिसाल  स्व. चौधरी दलबीर सिंह जी
– स्व. चौधरी दलबीर सिंह जी की ईमानदारी, सादगी व स्पष्टवादिता ने सभी को किया प्रभावित

कई बार ऐसा प्रतीत होता है कि पीड़ितों और शोषितों की सुध लेने वाला कोई नहीं है लेकिन अचानक कोई देवदूत या मसीहा कहीं से आता है और पीड़ितों के कल्याण के कार्य करने में जुट जाता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी दलबीर सिंह जी ने भी किसी मसीहा की भांति हमेशा शोषितों, पीड़ितों व वंचित वर्ग का मार्ग प्रशस्त किया और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में अविस्मरणीय भूमिका निभाई। इतना ही नहीं उन्होंने रचनात्मक सोच व जनकल्याणकारी कार्यों से जनता के दिलों में विशिष्ट जगह बना ली। यही कारण है कि आज भी स्वर्गीय चौ. दलबीर सिंह जी को बड़े आदर व सम्मान के साथ याद किया जाता है।
चौ. दलबीर सिंह जी का जन्म हिसार जिले के गांव प्रभुवाला में हुआ। विद्यालय में शिक्षाध्ययन के दौरान उन्हें समाज में व्याप्त बुराइयों का एहसास हो गया। तब उन्होंने मन ही मन ठान लिया कि वे ऐसी बुराइयों को जड़ से मिटाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। चौ. दलबीर सिंह जी का जिस समय जन्म हुआ उस समय पंजाब व हरियाणा का क्षेत्र संयुक्त पंजाब कहलाता था। उन्होंने पंजाब से अलग होते हरियाणा को बड़े करीब से देखा और बदलते राजनीतिक परिदृश्य को भी गंभीरता से समझा। चौ. दलबीर सिंह जी पर शुरू से ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पंडित जवाहरलाल नेहरू का काफी प्रभाव रहा। वे गांधीवादी विचारधारा व पंडित नेहरू की आधुनिक भारत के नवनिर्माण की विचारधारा का अनुसरण करने लगे। उन्होंने इन विचारधाराओं का समन्वय अपने राजनीतिक जीवन में भी बखूबी किया।
चौ. दलबीर सिंह जी ने हमेशा निष्पक्ष व बेदाग राजनीति की : बहुत से लोगों की राजनेताओं के प्रति नकारात्मक राय होती है। उनकी नजर में अधिकतर राजनेता निष्पक्ष व बेदाग नहीं होते लेकिन चौ. दलबीर सिंह जी ने हमेशा निष्पक्ष, बेदाग व स्वच्छ राजनीति की मिसाल कायम की। उन्होंने दिखा दिया कि राजनेता चाहें तो समाज व देश की बेहतरी के लिए कितना श्रेष्ठ कार्य कर सकते हैं। दलबीर सिंह जी की इसी सोच के चलते जनता ने न केवल उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना बल्कि उन्हें कई बार मंत्री पद पर सुशोभित होने का भी अवसर मिला। चौ. दलबीर सिंह जी को चार बार लोकसभा सांसद बनने का मौका मिला। सिरसा लोकसभा का नेतृत्व करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में मंत्री के रूप में बड़ी कुशलता व तत्परता से कार्य किया। सिंचाई, पेट्रोलियम और रसायन, भारी उद्योग, निर्माण एवं आवास, शिपिंग और परिवहन मंत्रालय सहित विभिन्न विभागों में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करते हुए चौ. दलबीर सिंह जी ने देशहित के विभिन्न निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इतना ही नहीं वे मंत्री पद पर रहते हुए हमेशा मिट्टी से जुड़े रहे। इसलिए वे हमेशा ग्रामीण अंचल के विकास के लिए प्रयत्नशील रहे और विभिन्न योजनाओं को लागू करवाने में विशिष्ट भूमिका निभाई। आज भी उस दौर के बुजुर्ग लोग उनकी सादगी, ईमानदारी व उनके काम के किस्से गांव-गुहांड में सुनाते नजर आते है।
चौ. दलबीर सिंह जी हमेशा जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे : स्पष्टवादिता, ईमानदारी, निष्ठा व समर्पण के भाव को आत्मसात करते हुए चौ. दलबीर सिंह जी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं एआईसीसी के महासचिव भी रहे। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने न केवल जन-जन को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया बल्कि जनहित के कार्यों में भी सक्रिय रहे। घमंड तो उन्हें कभी छू भी नहीं पाया। चाहे कोई पीड़ित या साधारण कार्यकर्ता हो या फिर किसी उच्च पद पर आसीन अधिकारी हो, वे सभी से आत्मीयता से मिलते थे और हर समस्या के निराकरण के लिए यथासंभव प्रयासरत रहते थे। दरअसल धन व बल के प्रभाव से दूर चौ. दलबीर सिंह जी सादगी व सच्चाई में विश्वास रखते थे। चौ. दलबीर सिंह जी जैसी सोच, कार्यशैली व समाज के प्रति निष्ठा आज के दौर में विरले ही नेताओं में देखने को मिलती है। दरअसल उन्होंने छल-प्रपंच व आडंबर रहित राजनीति के नए आयाम स्थापित किए और अपने बनाए सिद्धांतों पर हमेशा कायम रहे। भाईचारे व एकजुटता के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहने वाले चौ. दलबीर सिंह जी के विचार और आदर्श हमेशा समाज व नवोदित राजनेताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
चौ. दलबीर सिंह जी की राजनीतिक विरासत को बखूबी संभाल रही कुमारी सैलजा : अपने पिता पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चौ. दलबीर सिंह जी से मिली राजनीतिक विरासत को कुमारी सैलजा बखूबी संभाल रही हैं। अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए कुमारी सैलजा भी निष्पक्ष, बेदाग व जनहित की राजनीति कर रही हैं। बहन सैलजा की कार्यशैली, तत्परता, अनुशासन व रचनात्मक सोच सभी को प्रभावित करती है। तीन दशकों के राजनीतिक जीवन में सर्व समाज को साथ लेकर चलते हुए बहन सैलजा ने देश की राजनीति में सादगी, ईमानदारी व समर्पण की मिसाल कायम की है। देखा जाए तो सिरसा की सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य और हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा सही मायने में स्वर्गीय चौ. दलबीर सिंह जी के आदर्शों को नए आयाम दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices