Home » हिसार » साइबर ठगी के दो पीड़ितों के लिए राहत बनी हिसार पुलिस—61,200 रुपये की राशि करवाई वापस

साइबर ठगी के दो पीड़ितों के लिए राहत बनी हिसार पुलिस—61,200 रुपये की राशि करवाई वापस

Facebook
Twitter
WhatsApp
5 Views

शिकायत मिलते ही साइबर थाना ने दिखाई तत्परता, पीड़ितों के खातों में वापस पहुंची ठगी गई रकम

हिसार 18 सितम्बर । हिसार पुलिस द्वारा साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मुदगिल, आईपीएस के नेतृत्व में थाना साइबर क्राइम हिसार की टीम ने दो अलग-अलग साइबर फ्रॉड के मामलों में पीड़ितों की कुल 61,200 रुपये की राशि वापस करवाने में सफलता हासिल की है।

पहले मामले में शिकायतकर्ता लव कुमार के साथ साइबर ठगी कर 21,200 रुपये की राशि ठग ली गई थी। शिकायतकर्ता द्वारा इसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर क्राइम थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं वित्तीय माध्यमों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि को वापस करवाने के प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप 21,200 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करवाए गए।

इसी प्रकार दूसरे मामले में विद्या देवी जिंदल स्कूल से संबंधित शिकायतकर्ता के साथ 40,000 रुपये का ऑनलाइन साइबर फ्रॉड हुआ था। शिकायत प्राप्त होने पर साइबर क्राइम थाना की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकिंग चैनल के माध्यम से राशि को ट्रेस एवं सुरक्षित करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस के प्रयासों से 40,000 रुपये की पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस आ गई। दोनों पीड़ितों ने अपनी ठगी गई राशि वापस मिलने पर हिसार पुलिस एवं साइबर क्राइम थाना की टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

एसपी हिसार की आमजन से अपील

पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि साइबर अपराध की सूचना मिलने पर समय पर शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाएं। त्वरित सूचना मिलने से ठगी गई राशि को होल्ड करवाने एवं वापस करवाने की संभावना बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस साइबर अपराध के पीड़ितों को राहत पहुंचाने तथा साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
हिसार पुलिस का संदेश—
“साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, समय गंवाएं नहीं—तुरंत 1930 पर शिकायत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices